गाजीपुर में 23 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 30 से अधिक कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन
गाजीपुर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सदर विधानसभा क्षेत्र में 23 सितंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय और स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला सुबह 10 बजे से महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
रोजगार मेले में 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी। विभिन्न कंपनियों की ओर से सुरक्षा गार्ड, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्निशियन, ऑपरेशन असिस्टेंट, ईवी तीन पहिया चालक और नैप्स ट्रेनी समेत कई पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इन योग्यताओं वाले अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा
मेले में आठवीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक-परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए और कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों को पहले रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी इच्छानुसार कंपनियों के पदों के लिए आवेदन करना होगा। मेले में शामिल होने के दौरान अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षिक प्रमाणपत्रों और उनकी छायाप्रति साथ लानी होगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
रोजगार मेले से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला सेवायोजन कार्यालय से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
