Movie prime

कानपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा : खड़े ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो, 2 मासूम समेत 3 की मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कानपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा के पास प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की छत उखड़ गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। घायल दर्द से तड़पते हुए मदद की गुहार लगाते रहे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से स्कॉर्पियो को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे। सभी हरियाणा के सिरसा से बिहार के गया जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में वाहन की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक बताई जा रही है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद ट्रक लेकर भागा चालक, 13 किलोमीटर दूर पकड़ा गया

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक सर्विस लेन में खड़ा था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर करीब 13 किलोमीटर दूर तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास ट्रक को रोककर चालक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान मिर्जापुर निवासी आदर्श सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह सर्विस लेन में ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आकर ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद वह घबरा गया और मौके से निकल गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।