Movie prime

कौशांबी में दर्दनाक सड़क हादसा: मुंडन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्राले से भिड़ी, 8 की मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
कौशांबी। जिले में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। मुंडन संस्कार से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकरा गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। मृतकों में 5 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं।

भीषण टक्कर में उड़े पिकअप के परखच्चे

यह हादसा शाम करीब 4 बजे नेशनल हाईवे पर डोरमा के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर काफी देर तक तड़पते रहे।

मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर जिले के कुरोली गांव निवासी एक परिवार अपने 2 साल के बच्चे शुभम का मुंडन कराने प्रयागराज के संगम गया था। करीब 37 लोग पिकअप से दर्शन कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि डोरमा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्राले में तेज रफ्तार पिकअप पीछे से जा घुसी। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को झपकी आने से यह हादसा हुआ।

मौके पर मची चीख-पुकार, लोगों ने किया रेस्क्यू

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 7-8 एम्बुलेंस लगाई गईं। अस्पताल ले जाते समय 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

घायलों का चल रहा इलाज, कई की हालत गंभीर

घायलों को सिराथू CHC और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया, बाद में चार अन्य की हालत बिगड़ने पर उन्हें भी रेफर करना पड़ा।

जिस बच्चे का मुंडन था, वह भी घायल

जिस बच्चे का मुंडन संस्कार था, वह भी इस हादसे में घायल हो गया। उसकी मां ने बताया कि वे पीछे बैठे थे और अचानक जोरदार टक्कर के बाद सभी लोग सड़क पर गिर गए।

सरकार ने की मुआवजे की घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी शोक व्यक्त किया है।