केशव प्रसाद मौर्य के प्रेस कॉन्फ्रेंस से जाते ही काजू-बादाम पर टूट पड़े समर्थक! करने लगे छीना-छपटी, वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कानपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने साकेत नगर स्थित एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। हालांकि प्रेस वार्ता समाप्त होने के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपमुख्यमंत्री और अतिथियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। टेबल पर काजू, बादाम, किशमिश समेत ड्राई फ्रूट्स रखे गए थे। जैसे ही केशव मौर्य अपनी बात समाप्त कर वहां से रवाना हुए, वैसे ही मौजूद कुछ लोग नाश्ते की टेबल की ओर बढ़ गए। देखते ही देखते काजू-बादाम और किशमिश लेने की होड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति कुछ समय के लिए अव्यवस्थित हो गई और वहां मौजूद अधिकारियों व मीडिया कर्मियों को भी किनारे होना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि भाजपा के मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं। उनके मुताबिक कार्यक्रम में आए कुछ जनप्रतिनिधियों के साथ मौजूद समर्थक नाश्ते की टेबल पर पहुंचे थे और वही वीडियो में नजर आ रहे हैं।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विपक्ष को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केशव मौर्य ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि "जिसने भी भगवान श्रीराम के चढ़ावे में गड़बड़ी की होगी, उस पर हनुमान जी महाराज की गदा जरूर चलेगी और उससे रिकवरी भी की जाएगी।"
सपा पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की बढ़ती एकजुटता से विपक्षी दल परेशान हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता उन्हें जवाब देगी।
भाजपा में मतभेद की अटकलों को बताया निराधार
भाजपा में अंदरूनी मतभेद की चर्चाओं को खारिज करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और विपक्ष की राजनीति सफल नहीं होने वाली।
कानपुर के विकास का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद कानपुर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए बदलाव साफ दिखाई देते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अभी भी विकास की अपार संभावनाएं हैं और सरकार लगातार इस दिशा में काम कर रही है।
महिला आरक्षण और वन नेशन-वन इलेक्शन का समर्थन
केशव मौर्य ने महिला आरक्षण को भाजपा की प्रतिबद्धता बताया और 'वन नेशन-वन इलेक्शन' का समर्थन करते हुए कहा कि इससे देश के समय और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वर्षों में देश और प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी।
हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए गए राजनीतिक मुद्दों से ज्यादा चर्चा कार्यक्रम के बाद काजू-बादाम और किशमिश को लेकर मची होड़ की हो रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
