Movie prime

लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-मैजिक की जोरदार टक्कर, 9 लोगों की मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के लखीमपुरखीरी (Lakhimpur Kheri) में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 7:30 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। मैजिक में दो महिलाओं समेत कुल 10 लोग सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। वाहन में बैठे कई लोग सीटों के बीच फंस गए, जबकि दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद सड़क पर खून फैल गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही 9 लोगों की मौत हो चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, तभी बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

खमरिया क्षेत्र के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह के मुताबिक हादसे में घायल 10 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से 9 की मौत हो चुकी थी। कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।