Movie prime

यूपी में अस्पताल की फार्मेसियों पर FSDA का बड़ा एक्शन, 7 दिन में दवाओं की कीमत नहीं बताई तो लाइसेंस होगा निरस्त

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों को अब दवाओं की कीमतों के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। दवाएं किस कीमत पर खरीदी जा रही हैं और मरीजों को कितने रुपये में बेची जा रही हैं, इसका ब्योरा सार्वजनिक करना होगा। उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने अस्पतालों में संचालित फार्मेसियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग के विशेष अभियान के तहत प्रदेश के 64 जिलों में 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया गया। जांच में ज्यादातर फार्मेसियों में निर्धारित आदेश का पालन नहीं मिला। इसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।

विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि फार्मेसियों को सात दिनों के भीतर जरूरी जानकारी और वेबसाइट का यूआरएल उपलब्ध कराना होगा। ऐसा नहीं करने पर दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जा सकती है। वहीं, खरीद और बिक्री की कीमतों की जानकारी नहीं देने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
381 फार्मेसियों की जांच, वेबसाइट का यूआरएल नहीं मिला
एफएसडीए की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में 64 जनपदों की 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सामने आया कि कई फार्मेसियों ने अब तक अपनी सार्वजनिक वेबसाइट तैयार नहीं की है। जबकि 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत वेबसाइट बनाना और उसका लिंक फार्मेसी काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया था।

आदेश का पालन नहीं करने वाली फार्मेसियों को औषधि निरीक्षकों ने मौके पर ही नोटिस थमा दिया। इसमें सात दिनों के भीतर निर्धारित प्रारूप में सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सात दिन में जवाब नहीं तो दवाओं की बिक्री पर रोक

एफएसडीए ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 22(1)(डी) के तहत संबंधित फार्मेसी में दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जा सकती है। यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक फार्मेसी संचालक आदेश का पूरी तरह पालन नहीं कर लेते।

4 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

अस्पतालों में दवाओं की कीमतों को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान 4 दिसंबर 2026 तक चलाया जाएगा। आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने जिलों में संचालित हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

इस अभियान का उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को यह जानकारी देना है कि अस्पताल की फार्मेसी किसी दवा को कितने रुपये में खरीदती है और उसे मरीजों को कितने रुपये में बेचती है।

दवाओं की कीमत तय करना नहीं, पारदर्शिता लाना है मकसद
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य दवाओं की कीमतों या फार्मेसियों के मुनाफे पर नियंत्रण लगाना नहीं है। बल्कि खरीद और बिक्री मूल्य की जानकारी सार्वजनिक कर मरीजों को जागरूक करना है, ताकि वे दवाओं की वास्तविक कीमत समझ सकें।

खासकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के सामने दवाएं खरीदने के सीमित विकल्प होते हैं। कई बार उन्हें अस्पताल परिसर में मौजूद फार्मेसी से ही दवाएं लेनी पड़ती हैं। ऐसे में कीमतों की जानकारी सार्वजनिक होने से मरीजों को आर्थिक रूप से फायदा मिल सकता है।

वेबसाइट पर देनी होगी फार्मेसी से जुड़ी पूरी जानकारी

1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, अस्पताल फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट तैयार करनी होगी। इस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंसधारक का नाम और परिसर का पता दर्ज करना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराना होगा। वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करना होगा और उसका यूआरएल काउंटर पर ऐसी जगह प्रदर्शित करना होगा, जहां ग्राहक आसानी से देख सकें। मरीजों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप या QR कोड के जरिए भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य पर रहेगी नजर

इस व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसर में संचालित उन फार्मेसियों को दवाओं का प्राइस टू रिटेलर (PTR) और प्राइस टू कंज्यूमर (PTC) सार्वजनिक करना होगा, जहां भर्ती मरीजों के पास दवाएं और मेडिकल डिवाइस खरीदने का व्यावहारिक विकल्प सीमित या उपलब्ध नहीं होता।

दरअसल, एफएसडीए की पिछली जांचों में कुछ मामलों में सामने आया था कि निर्माता, मार्केटर और स्टॉकिस्ट अस्पताल की फार्मेसियों को दवाएं एमआरपी से काफी कम कीमत पर उपलब्ध करा रहे थे। हालांकि, इस छूट का लाभ मरीजों को मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं थी। कुछ मामलों में दवाओं की एमआरपी और खरीद मूल्य के बीच काफी अंतर भी पाया गया था।

विभाग का मानना है कि कीमतों का ब्योरा सार्वजनिक होने से ऐसी विसंगतियों की पहचान आसान होगी। साथ ही संदिग्ध और नकली दवाओं की आशंका वाले मामलों की जांच में भी मदद मिलेगी। इस पूरी पहल का मकसद मरीजों के आर्थिक हितों की रक्षा करने के साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक दवाएं उपलब्ध कराना है।