मेरठ : 5 महीनों तक बेटी के शव के साथ रह रहा था पिता, परफ्यूम डालकर बदबू था मिटाता, ऐसे खुला राज
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद चौंकाने और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता अपनी बेटी के शव के साथ करीब पांच महीने तक घर में ही रहा। हैरानी की बात यह है कि बेटी का शव पूरी तरह सड़कर कंकाल में बदल चुका था, लेकिन पिता उसे अपने से अलग करने को तैयार नहीं था और बदबू छिपाने के लिए उस पर परफ्यूम छिड़कता रहता था।
यह सनसनीखेज मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र के तेली मोहल्ले का है। शुक्रवार देर शाम जब कुछ रिश्तेदार उदय भानु बिस्वास के घर पहुंचे, तो घर के अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी। शक होने पर जब उन्होंने अंदर जाकर देखा, तो एक कमरे में युवती का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि वहां मौजूद लोग उसे देख भी नहीं पा रहे थे।
रिश्तेदारों ने मौके पर ही उदय भानु बिस्वास को पकड़ लिया और सख्ती से पूछताछ की। तब खुलासा हुआ कि वह शव किसी और का नहीं, बल्कि उसकी बेटी प्रियंका बिस्वास का है, जिसकी मौत करीब पांच महीने पहले हो चुकी थी। प्रियंका एक प्राइवेट टीचर थी और कंप्यूटर विषय पढ़ाती थी।
परिजनों के अनुसार, प्रियंका की मौत के बाद उदय भानु ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी और शव को घर में ही रखा रहा। समय के साथ शव कंकाल में तब्दील हो गया, जिसमें केवल पैर का हिस्सा ही बचा हुआ था।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस टीम घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का मंजर देखकर हैरान रह गई। घर के भीतर कूड़े का ढेर लगा हुआ था और बेड पर प्रियंका का कंकाल पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के पीछे परिवार का पुराना दर्द भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। साल 2013 में प्रियंका की मां शर्मिष्ठा ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से प्रियंका मानसिक रूप से काफी प्रभावित हो गई थी और शांत रहने लगी थी।
परिजनों ने बताया कि प्रियंका को आखिरी बार 5 दिसंबर को देखा गया था। इसके बाद जब संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उदय भानु ने बताया कि वह देहरादून में है और प्रियंका बीमार होकर अस्पताल में भर्ती है। लंबे समय तक कोई संपर्क न होने पर परिजनों को शक हुआ और आखिरकार सच्चाई सामने आ गई।
