मेरठ : 30 दिन नवजात बेटी संग क्वारैंटाइन बैरक में रहेगी मुस्कान, बोला सौरभ का भाई- लड़की ने हर कदम पर...
मेरठ में पति सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में आरोपी मुस्कान को मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर जिला जेल भेज दिया गया है। उसने 24 नवंबर को एक बच्ची को जन्म दिया था, जिसका नाम मुस्कान ने पहले से ही तय कर रखा था-राधा। मेडिकल टीम द्वारा मां-बेटी दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उन्हें जेल की क्वारैंटाइन बैरक में शिफ्ट किया गया है, जहां कोई अन्य महिला बंदी नहीं है।
परिवार ने नहीं ली सुध, भाई बोला- मुस्कान पर भरोसा नहीं
मेडिकल कॉलेज से जेल पहुंचने तक मुस्कान से मिलने उसके मायके या ससुराल पक्ष का कोई सदस्य नहीं आया। पिता प्रमोद रस्तोगी और मां कविता उसकी बड़ी बेटी पीहू की परवरिश कर रहे हैं, लेकिन नवजात राधा को देखने जेल नहीं पहुंचे। वहीं, सौरभ के भाई राहुल उर्फ बबलू का कहना है मुस्कान ने जो कुछ किया, उसके बाद उसके कैरेक्टर पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उसने हर कदम पर माइंड गेम खेला है।"
मुस्कान और राधा की सेहत बिल्कुल ठीक
डॉ. शगुन के अनुसार, मुस्कान का ब्लड प्रेशर, शुगर और हार्ट रेट नॉर्मल थे। उसने नॉर्मल डिलीवरी से बच्ची को जन्म दिया। बच्ची का वजन 2.5 किलो है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। मुस्कान को रोटी, दलिया, दाल का पानी और एक गिलास दूध रोजाना लेने की सलाह दी गई है।
डॉ. अनुपमा का कहना है कि मुस्कान को एक सप्ताह की दवाइयां दी गई हैं, जिनमें आयरन, कैल्शियम और मल्टीविटामिन शामिल हैं। बच्ची को भी विटामिन सिरप दिया गया है।
जेल में अलग बैरक, एक महीने तक कोई काम नहीं
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक—
-
मुस्कान और उसकी बच्ची को जेल मैनुअल के तहत अलग बैरक में रखा गया है।
-
साफ-सफाई और भोजन का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
-
मुस्कान को पौष्टिक खाना दिया जाएगा जिसमें दाल, दूध, दलिया, रोटी, सब्जी और फल शामिल हैं।
-
एक महीने तक मुस्कान से कोई काम नहीं कराया जाएगा।
-
बच्ची के लिए क्रेच और आंगनबाड़ी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
क्या बच्ची के आधार पर मिलेगी जमानत?
इस मामले में सौरभ के वकील विजय बहादुर सिंह ने साफ कहा, बच्चा होने से मुस्कान की जमानत का आधार मजबूत नहीं होता। जेल में बच्चे की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, इसलिए पालन-पोषण के नाम पर जमानत नहीं दी जाती।"
मुस्कान की वकील रेखा जैन के अनुसार, मुस्कान ने उनसे अभी संपर्क नहीं किया है और बेल के लिए कोई नई अर्जी दाखिल नहीं की गई है।
कैसे हुई सौरभ की हत्या? जानिए पूरी कहानी
2016 : यहीं से शुरू हुई सौरभ और मुस्कान की लव स्टोरी
सौरभ मर्चेंट नेवी में नौकरी करता था और अधिकतर विदेश में रहता था। 2016 में मेरठ आने पर उसकी मुलाकात मुस्कान से हुई। दोनों एक-दूसरे के करीब आए और परिवार के खिलाफ जाकर शादी कर ली। इस वजह से सौरभ को परिवार ने प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया था।
पत्नी और प्रेमी पर हत्या का आरोप
शुरुआती जांच में सामने आया कि मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की।
-
दोनों ने सौरभ की लाश को ड्रम में डालकर उसके ऊपर पानी और सीमेंट डाल दिया।
-
दोनों पूरी रात उसी लॉबी में रहे जहां ड्रम रखा था।
-
अगले दिन मुस्कान ने बेटी पीहू को अपनी मां के घर छोड़ा और साहिल के साथ घूमने निकल गई।
मोबाइल से निभाया ड्रामा
शिमला-मनाली ट्रिप के दौरान मुस्कान सौरभ का मोबाइल लेकर गई थी और वहीं से उसका व्हाट्सएप चलाकर यह दिखाती रही कि सौरभ जिंदा है।
धन की कमी हुई तो लौट आई मेरठ
सौरभ के खाते में 6 लाख रुपये थे, जिन्हें मुस्कान निकाल नहीं पा रही थी। पैसे खत्म होने पर 17 मार्च को वह साहिल के साथ मेरठ लौट आई और यहीं से मामला खुल गया।
मुकदमा ट्रायल पर, अगली सुनवाई 2 दिसंबर
मुस्कान और साहिल दोनों जेल में बंद हैं।
-
साहिल जेल में बागवानी का काम कर रहा है।
-
कोर्ट ट्रायल तेज़ी से चल रहा है।
-
एसएसआई कर्मवीर सिंह की गवाही 2 दिसंबर को तय है, जो इस केस में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
