यूपी में गर्मी ढा रही कहर : प्रयागराज में पारा 44.6°C पार, 26 जिलों में हीटवेव अलर्ट
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रयागराज में तापमान 44.6°C तक पहुंच गया है, जबकि प्रदेश के 26 जिलों में पारा 40°C के पार दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को इन जिलों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है।
सुबह से ही वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में तेज धूप निकलने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। काशी के घाट, जो आमतौर पर गुलजार रहते हैं, वहां भी सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।
स्कूलों का समय बदला, बच्चों को राहत
भीषण गर्मी को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के सभी परिषदीय स्कूलों में कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगी। शिक्षक और स्टाफ 1:30 बजे तक स्कूल में रहेंगे।
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि यह बदलाव बच्चों को लू से बचाने के लिए किया गया है। मदरसों में भी यही समय लागू होगा, जबकि प्राइवेट स्कूलों को समय तय करने की छूट दी गई है।
क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, महाराष्ट्र के आसपास बने एंटी-साइक्लोन (उच्च वायुदाब क्षेत्र) के कारण मौसम शुष्क हो गया है। इसके चलते अगले 4-5 दिनों में तापमान 2-3°C और बढ़ सकता है और कई जिलों में पारा 45°C के पार जा सकता है।
इन 26 जिलों में लू का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि रात का तापमान भी बढ़ेगा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
जानवरों के लिए भी खास इंतजाम
भीषण गर्मी का असर चिड़ियाघरों में भी दिख रहा है। कानपुर चिड़ियाघर में बाघों के लिए कूलर लगाए गए हैं, जबकि भालू कीचड़ में लोटकर खुद को ठंडा करने की कोशिश कर रहे हैं।
अगले 5 दिन का मौसम हाल
- 22 अप्रैल: तेज धूप, गर्म हवाएं
- 23 अप्रैल: उमस बढ़ेगी, हवा धीमी
- 24 अप्रैल: कुछ जगहों पर लू चलेगी
- 25 अप्रैल: शुष्क मौसम, गर्म हवाएं
- 26 अप्रैल: भीषण गर्मी, लू का असर और तेज
