मीरजापुर: प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी गिरने से 6 वर्षीय छात्र की मौत, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मीरजापुर: मीरजापुर जिले के पटेहरा विकास खंड स्थित ग्राम पंचायत पटेहरा के बहरछठ प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। विद्यालय परिसर में शौचालय के पास बनी चहारदीवारी गिरने से कक्षा एक के 6 वर्षीय छात्र महेश की गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, महेश अपनी बहन कंचन के साथ शौचालय गया था। कंचन ने बताया कि वह शौचालय के अंदर गई थीं, जबकि महेश बाहर चहारदीवारी पर चढ़कर खेलने लगा। इसी दौरान जर्जर चहारदीवारी अचानक भरभराकर गिर गई और महेश उसके नीचे दब गया। हादसे में उसके पैर और सीने में गंभीर चोटें आईं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अर्जुन पटेल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पटेहरा ले जाया गया। वहां डॉ. महेंद्र चौधरी ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के अनुसार, महेश के पैर में फ्रैक्चर की आशंका थी और उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह तीन बहनों के बीच अकेला भाई था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता गुंजा और सोनू समेत दादी जड़ावती का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है।
घटना को लेकर प्रधानाध्यापक अर्जुन पटेल ने बताया कि विद्यालय प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में है। वहीं, थानाध्यक्ष संतनगर जितेंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें प्रारंभिक रूप से घटना की जानकारी नहीं थी। सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने सरकारी विद्यालयों में भवनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्यालय परिसर की जर्जर चहारदीवारी की समय रहते मरम्मत कराई गई होती तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और विद्यालयों में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
