वीडियो कॉल पर हुई पहचान, 6 दिन बाद मिला लापता तोता 'माऊ', 50 हजार का था इनाम
आगरा। छह दिन से लापता पालतू तोता 'माऊ' आखिरकार रविवार दोपहर अपने परिवार के पास लौट आया। उसकी तलाश में परिवार ने शहरभर में होर्डिंग लगवाए थे और उसे ढूंढ़ने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की थी। आखिरकार एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि तोता उसके पास है और वीडियो कॉल के जरिए उसकी पहचान होने के बाद मालिक ने 50 हजार रुपये देकर अपना पालतू तोता वापस ले लिया।
माऊ के मालिक और पेशे से आयकर अधिवक्ता सुनील सिंह ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया। पहले उन्हें भरोसा नहीं हुआ, इसलिए उन्होंने वीडियो कॉल पर तोता दिखाने को कहा। वीडियो कॉल में माऊ को देखते ही उन्होंने उसकी पहचान कर ली। इसके बाद वे शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे, जहां एक व्यक्ति ने 50 हजार रुपये लेने के बाद तोता उन्हें सौंप दिया।
'किसी को बताया तो माऊ नहीं मिलेगा'
सुनील सिंह के मुताबिक, तोता लौटाने वाले व्यक्ति ने उन्हें चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने किसी को इसकी जानकारी दी तो माऊ वापस नहीं मिलेगा। इसी वजह से उन्होंने चुपचाप जाकर तोते को वापस लिया।
माऊ के लौटते ही घर में छा गई खुशियां
तोते के घर लौटने के बाद परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पत्नी ममता सिंह ने कहा कि पिछले छह दिनों से पूरा परिवार बेहद परेशान था। उनकी बेटी सृष्टि ने तो खाना तक छोड़ दिया था। उन्होंने भावुक होकर कहा कि माऊ की वापसी वैसी ही खुशी है, जैसे किसी मां का खोया हुआ बच्चा वापस मिल जाए।
परिवार के मुताबिक, घर लौटते ही माऊ सभी के कंधों और गोद में बैठ गया। उसने परिवार के सदस्यों के नाम भी पुकारे और उसे उसकी पसंद का देशी घी का डोसा और फल खिलाए गए।
इनाम के लालच में आए सैकड़ों फोन
ममता सिंह ने बताया कि इनाम की घोषणा के बाद करीब 1500 फोन आए। कई लोगों ने दूसरे तोतों के वीडियो भेजे, जबकि कुछ लोगों ने एडवांस पैसे मांगकर ठगी की कोशिश भी की।
परिवार का सदस्य बन चुका है 'माऊ'
सुनील सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले घर के पास एक पेड़ गिरने के दौरान उन्हें तोते का बच्चा मिला था, जिसे उन्होंने पाल लिया और उसका नाम 'माऊ' रखा। वह घर में बिना पिंजरे के रहता है और उसके लिए अलग से एसी वाला कमरा बनाया गया है। 15 मार्च को उसका जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया था।
माऊ रोज परिवार के साथ घूमने जाता था और अपने मालिक को "पापा" तथा उनकी पत्नी को "मम्मी" कहकर बुलाता था। वह परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को पहचानता है और अपनी समझदारी के कारण सभी का चहेता बन चुका है।
13 जुलाई को हुआ था लापता
सुनील सिंह के अनुसार, 13 जुलाई की शाम तेज हवा चलने के दौरान माऊ उनके कंधे से उड़ गया था और फिर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, होर्डिंग लगवाए और 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा की। छह दिन बाद आखिरकार माऊ अपने परिवार के पास लौट आया, जिससे पूरे घर में फिर से खुशियों का माहौल है।
