Movie prime

मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह बनी काल! ट्रेन से कूदे यात्रियों को दूसरी एक्सप्रेस ने रौंदा, 4 की दर्दनाक मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
मुरैना/आगरा। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में उत्तर प्रदेश के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन में मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह फैलने के बाद घबराए यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इसी दौरान दूसरी लाइन से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में मेरठ निवासी कंचन सिंह (25), रुनकता निवासी शकुंतला सिंह (60) तथा आगरा निवासी आफरीन (35) और उनका चार वर्षीय बेटा असद शामिल हैं। आफरीन और असद मां-बेटे थे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसा उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अंतर्गत हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच हुआ। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 4:15 बजे अलार्म चेन पुलिंग के कारण बीच रास्ते में रुक गई थी।

बताया जा रहा है कि ट्रेन के एक कोच में मोबाइल फटने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। घबराए कई यात्री ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थान की तलाश में ट्रैक की ओर भागने लगे।

इसी दौरान कुछ यात्री पास की अप लाइन पर पहुंच गए, जहां से फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस तेज रफ्तार से गुजर रही थी। ट्रैक पर मौजूद चार यात्री उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि अफवाह फैलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई थी। ट्रेन रुकते ही लोग बिना स्थिति समझे नीचे उतरने लगे। देखते ही देखते कई यात्री ट्रैक की ओर दौड़ पड़े, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और आपात स्थिति में रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।