Movie prime

ताजमहल के बाहर बंदरों का आतंक, ब्रिटिश पर्यटक को काटा, 15 दिन में चौथा मामला

 
Taj
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आगरा में ताजमहल और उसके आसपास बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मंगलवार सुबह ताजमहल देखने पहुंची ब्रिटेन की पर्यटक सुजैन एन पर बंदर ने हमला कर उनके दाएं हाथ में काट लिया। घटना के बाद पर्यटक घबरा गईं। गाइड उन्हें ताजमहल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया गया। पिछले करीब एक पखवाड़े में बंदरों के पर्यटकों को काटने का यह चौथा मामला बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सुजैन एन मंगलवार सुबह करीब सात बजे पुरानी मंडी से शाहजहां गार्डन होते हुए ताजमहल के पश्चिमी गेट की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक बंदर उनके पास आया और दाएं हाथ में काट लिया। पर्यटक की चीख सुनकर साथ मौजूद गाइड ने बंदर को वहां से भगाया और उन्हें तत्काल उपचार के लिए ताजमहल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया।

इससे पहले दो सितंबर को दिल्ली से आईं विनीता गोयल समेत एक अन्य महिला पर्यटक को बंदरों ने काट लिया था। तीन सितंबर को केरल से आए पर्यटक हसन भी बंदर के हमले का शिकार हुए थे। वहीं, 26 जुलाई को ताजमहल के पूर्वी गेट के पास दक्षिण कोरिया की पर्यटक किम मेह को बंदर ने काट लिया था। घटना के बाद उन्हें करीब एक घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा था।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद ताजमहल के आसपास बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बंदरों को पकड़ने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से भी नगर निगम को बंदरों को पकड़ने के लिए पत्र भेजा जा चुका है।

अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि ब्रिटिश पर्यटक को ताजमहल के अंदर बंदर ने नहीं काटा है। उन्होंने कहा कि बंदरों को पकड़ने का काम विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और इसके लिए नगर निगम जिम्मेदार है।