Movie prime

यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, आज वाराणसी समेत यूपी के 30+ जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now


उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के असर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले पांच से छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को पूर्वांचल के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन घंटे के दौरान सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, बांदा, कौशांबी और फतेहपुर में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


वाराणसी समेत 30 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट


वाराणसी, जौनपुर, लखनऊ, कानपुर, आगरा और झांसी समेत प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। IMD लखनऊ ने सुबह 9:35 बजे तक के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, हरदोई, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव, कानपुर, झांसी, बांदा, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी और चंदौली में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।वहीं ललितपुर, महोबा, जालौन, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और संत रविदास नगर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

25 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिणी जिलों में बारिश का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।बुधवार को राजधानी लखनऊ में सुबह के समय बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई।

लखनऊ में दिन का तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के करीब 35 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और स्थानीय मौसम अलर्ट पर नजर रखने की अपील की है।