यूपी में मानसून फिर हुआ एक्टिव, वाराणसी समेत 60 से ज्यादा जिलों में आज जमकर बरसेंगे मेघ, वज्रपात का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने सोमवार को वाराणसी समेत 60 से अधिक जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
रविवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 242.4 मिमी वर्षा सिद्धार्थनगर के बांसी क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कासगंज में 62 मिमी, मुरादाबाद में 53.2 मिमी और बलरामपुर में 45.4 मिमी बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
वाराणसी समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मुरादाबाद, लखनऊ, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बाराबंकी, बहराइच और वाराणसी सहित 60 से अधिक जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
3 से 6 अगस्त तक अच्छी बारिश के आसार
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसूनी ट्रफ उत्तर की ओर खिसक गई है, जिससे बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह बढ़ गया है। इसके प्रभाव से 3 से 6 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में भारी वर्षा भी हो सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट, बरतें सावधानी
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की वजह से प्रदेश में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, वज्रपात और जलभराव की स्थिति बन सकती है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।
