Movie prime

यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; अगले तीन दिनों तक बरसेंगे मेघ

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 5 से 7 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होगी। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हमीरपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन और महोबा सहित आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लखनऊ में रिकॉर्ड बारिश

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि प्रदेश में इस समय मौसम की सभी प्रमुख प्रणालियां सक्रिय हैं। अफगानिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। इसी वजह से लखनऊ में इस मानसून सीजन की अब तक की सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

तापमान में आएगी 4 से 6 डिग्री की गिरावट

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने भारी बारिश, जलभराव और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।