Movie prime

मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में भर्ती मासूम पर 4-5 कुत्तों ने किया हमला, हालत गंभीर

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में रविवार को एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। बुखार के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती तीन वर्षीय मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी मीरब अपनी मां के साथ मुजफ्फरनगर के शेरपुर गांव स्थित ननिहाल आई हुई थी। शनिवार को बुखार आने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार दोपहर बिजली गुल होने के दौरान बच्ची की मां इरम पानी लेने के लिए वार्ड से बाहर गई थीं। इसी बीच बच्ची भी वार्ड से निकलकर अस्पताल परिसर में पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि अस्पताल के बाहर मौजूद 4 से 5 आवारा कुत्तों ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और अस्पताल कर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।

घटना के बाद बच्ची को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक बच्ची की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

वहीं, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि बच्ची को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है, लेकिन उन्हें हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिजनों ने प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और अस्पताल परिसर को सुरक्षित बनाने की मांग की है।