Movie prime

बेटी को मार डाला...जलती चिता से निकला युवती का शव, पांच सालों से लिव-इन में रह रही थी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
आगरा के किरावली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस ने श्मशान घाट पर जल रही चिता से एक युवती का शव निकलवाया। युवती बीते पांच वर्षों से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मृतका मुस्लिम समुदाय से थी, जबकि युवक हिंदू बताया जा रहा है। युवती के पिता ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है।

पांच साल से साथ रह रहे थे

किरावली निवासी निजाम ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी सना पिछले पांच साल से अजीत सिंह नामक युवक के साथ रह रही थी। अजीत फाइनेंस का काम करता था और उसका उनके घर आना-जाना था। आरोप है कि जब सना नाबालिग थी, उसी दौरान अजीत उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। तब से दोनों जाजऊ गांव में साथ रह रहे थे।

बिना सूचना किया अंतिम संस्कार

परिजनों के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सना की मौत हो गई। इसके बाद अजीत सिंह ग्रामीणों के साथ युवती के शव को गांव के श्मशान घाट ले गया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस बीच सना के परिवार को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस ने पानी डालकर आग बुझवाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोपी अजीत सिंह को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पिता का आरोप- हत्या कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

मृतका के पिता निजाम का आरोप है कि अजीत ने पहले उनकी नाबालिग बेटी को भगाया, बाद में उसका धर्म परिवर्तन कराया और कुछ समय बाद उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी और उसकी हत्या कर चोरी-छिपे अंतिम संस्कार किया जा रहा था ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस कर रही गंभीरता से जांच

किरावली इंस्पेक्टर आनंदवीर सिंह ने बताया कि आरोपी पक्ष का दावा है कि युवती पिछले कुछ समय से बीमार थी और बीमारी के कारण उसकी मौत हुई। हालांकि, युवती के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस नाबालिग अवस्था में ले जाने, कथित विवाह, धर्म परिवर्तन और मौत के कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।