Movie prime

रक्षाबंधन पर योगी सरकार की बड़ी सौगात, बहनों के साथ एक सहयोगी भी कर सकेगी फ्री बस यात्रा

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ी सौगात दी है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिला यात्री अपने एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बहनों की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो, इसके लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन पूरी तरह समन्वय के साथ काम करें। महिला सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।

रक्षाबंधन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बस चालकों की जांच और निगरानी के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे का सेवन करने वाले चालक को किसी भी स्थिति में बस चलाने की अनुमति न दी जाए। निजी बसों के चालकों के साथ-साथ ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन कराया जाए। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से प्रभावी व्यवस्था तैयार करें।

मुख्यमंत्री शनिवार को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और फील्ड में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर रहे थे। बैठक में जलभराव, बाढ़, रक्षाबंधन की तैयारियों, चीनी की उपलब्धता, आगामी गन्ना पेराई सत्र और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी समय रहते जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

बैठक में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा समेत शासन के वरिष्ठ अधिकारी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, नगर निकायों के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।09:16 AM