पीलीभीत : एकतरफा प्यार में क्लासमेट बना कातिल, मेडिकल कॉलेज में छात्रा की चाकू गोदकर हत्या
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पैरामेडिकल की 20 वर्षीय छात्रा की उसके ही क्लासमेट ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9:30 बजे छात्रा कशिश पटेल मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में मौजूद थी। इसी दौरान उसका सहपाठी सागर सिंह वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते सागर ने अपने बैग से चाकू निकाला और कशिश पर कई वार कर दिए। जान बचाने के लिए छात्रा भागी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा कर लगातार हमला किया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला कर्मचारी भी घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली के श्री राम मूर्ति स्मारक चिकित्सा विज्ञान संस्थान (SRMS) रेफर किया गया। इलाज के दौरान दोपहर करीब 2 बजे कशिश ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी सागर सिंह छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था। हालांकि, कुछ सहपाठियों का कहना है कि दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी और मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के अनुसार, आरोपी सुबह कॉलेज बैग में करीब 12 इंच लंबा चाकू छिपाकर पहुंचा था। हमला इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। चीख-पुकार सुनकर छात्र और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो कशिश गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी थी।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि कैंपस में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मृतका कशिश पटेल मूल रूप से बरेली की रहने वाली थी और पिछले 10 महीनों से पीलीभीत में रहकर सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी का कोर्स कर रही थी। वहीं आरोपी सागर सिंह कानपुर के मेडुआ अरौल गांव का निवासी है और मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे टेक्नीशियन का प्रशिक्षण ले रहा था।
कशिश के पिता रोहतास, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनकी बेटी की जान नहीं बचाई जा सकी। दूसरी ओर, आरोपी की मां माया देवी ने कहा कि उन्हें बेटे के किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें पहले पता होता तो वे बेटे को समझाकर घर बुला लेतीं और शायद यह घटना टल जाती।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रेम संबंध, आपसी विवाद, रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी कर मजबूत साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र अदालत में पेश किया जाएगा।
