Movie prime

यूपी में थमा बारिश का सिलसिला! अगले एक हफ्ते में 5 से 8 डिग्री चढ़ेगा तापमान, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

 
UP Weather Update
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का दौर अब थमता नजर आ रहा है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को मौसम साफ रहा और धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में मानसून का असर अब खत्म हो गया है। इसके साथ ही चक्रवाती मौसम तंत्र का प्रभाव भी प्रदेश से हट चुका है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की संभावना बेहद कम है। अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में करीब 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र भी अब कमजोर पड़ गया है। बारिश और तेज हवाओं का दौर थमने के बाद अब लोगों को बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ेगा।

सामान्य से 775 फीसदी ज्यादा बारिश

राहत आयुक्त के अनुसार, 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश महज 7.6 मिमी होती है। इस हिसाब से प्रदेश में सामान्य से 775 फीसदी अधिक बारिश हुई।

प्रदेश के 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 7385 फीसदी, कन्नौज में 5664 फीसदी, शाहजहांपुर में 4408 फीसदी, हमीरपुर में 4240 फीसदी और महोबा में 4100 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

लखनऊ में साफ रहेगा मौसम

राजधानी लखनऊ में बीते दिनों हुई लगातार बारिश के बाद सोमवार को मौसम साफ रहा। बीच-बीच में बादल जरूर दिखाई दिए, लेकिन बारिश नहीं हुई। धूप निकलने से दिन के तापमान में करीब 8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी लखनऊ में मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन का तापमान करीब 33 डिग्री और रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

60 घंटे में 56 लोगों की मौत, 1021 मकान क्षतिग्रस्त

अतिवृष्टि और आंधी-तूफान के कारण पिछले 60 घंटों में प्रदेश में बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। राहत आयुक्त के मुताबिक, इस दौरान 56 लोगों की जनहानि, 107 पशुहानि और 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है। वहीं 46 लोग घायल हुए हैं।

जनहानि के मामलों में सीतापुर में 7, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में 5-5, जबकि अयोध्या और गोरखपुर में 4-4 लोगों की मौत की सूचना है।

पशुहानि के सबसे ज्यादा मामले हरदोई में 28, सीतापुर में 16 और कन्नौज में 14 दर्ज किए गए हैं। वहीं मकान क्षति में हरदोई सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां 272 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60 और गोंडा में 54 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश

राहत आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों और आपदा विशेषज्ञों को प्रभावित क्षेत्रों में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और सहायता राशि जल्द पहुंचाने को कहा गया है।

जनहानि, घायलों और मकान क्षति के मामलों में नियमानुसार आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों से आम लोगों को मौसम की स्थिति के प्रति जागरूक करने और जरूरत पड़ने पर राहत-बचाव टीमों को मौके पर भेजने को कहा गया है।

फसल नुकसान का होगा आकलन

बारिश और आंधी से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे और आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को नियमानुसार किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने को कहा गया है।

जिन लोगों के मकान बारिश और तूफान में क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र प्रभावित परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।