यूपी में बारिश का कहर! आज 27 जिलों में येलो, 4 में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। राजधानी लखनऊ से लेकर पूर्वांचल तक कई जिलों में तेज बारिश के कारण सड़कें और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को घर से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 27 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी और बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी के मुताबिक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, ज्योतिबा फुले नगर, मेरठ, बागपत, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और गोंडा में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कानपुर में 54 घंटे से लगातार बारिश
कानपुर में पिछले करीब 54 घंटे से बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह भी तेज बारिश के साथ हवाएं चलती रहीं। लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित है।
घाटमपुर इलाके में भारी बारिश के चलते कई मकान गिर गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसों में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। वहीं चौबेपुर में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से पहले परिवार के चार लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
कानपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 200 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। सर्वोदय नगर स्थित आरटीओ कार्यालय वाली सड़क, रावतपुर क्रॉसिंग, गीता नगर, शिवराजपुर समेत करीब 20 इलाकों में पानी भरने की सूचना है।
24 घंटे में 15 लोगों की मौत
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच बारिश से जुड़े हादसों में जनहानि की भी खबर है। शनिवार को बारिश से संबंधित अलग-अलग हादसों में 15 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
इससे पहले शनिवार को प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल में भी जलभराव हो गया। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में यातायात प्रभावित है और निचले इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों और जर्जर मकानों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
