Movie prime

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : 25 सितंबर से पहले दाखिल होगी चार्जशीट, 8 आरोपितों के बाद दो और नाम चार्जशीट में हो सकते हैं शामिल

 
Ram Mandir
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या: श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस की जांच अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपितों के अलावा पुलिस दो और लोगों को चार्जशीट में शामिल कर सकती है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान इन दोनों के नाम सामने आए हैं और आरोपितों की मदद करने में उनकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है।

25 जून को दर्ज हुए इस मुकदमे में 90 दिन की समयसीमा 25 सितंबर को पूरी हो रही है। ऐसे में पुलिस 22 से 25 सितंबर के बीच न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी में जुटी है। चार्जशीट में अब तक हुई जांच, आरोपितों के बयान, मंदिर परिसर की सीसीटीवी फुटेज, बरामद नकदी और आभूषण समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को शामिल किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान कुछ नए नाम सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने इन लोगों के साथ आरोपितों के संपर्क, घटना में उनकी संभावित भूमिका और उन्हें मिली मदद से जुड़े पहलुओं की जांच की है। हालांकि, नए नामों को आरोपित के तौर पर चार्जशीट में शामिल करने का अंतिम फैसला जांच पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।

वहीं, पुलिस ने विवेचना से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्यों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मामले में टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, राजेश पाठक, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और सुभाष श्रीवास्तव अभी जेल में हैं। चार्जशीट दाखिल होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पुलिस किन नए नामों को मामले में शामिल करती है।