Movie prime

गर्मी-उमस से मिलेगी राहत! यूपी के 27 जिलों में आज बारिश और तेज हवाओं की अलर्ट

 
UP Weather Update
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं आंधी और बारिश राहत दे रही है। प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं, जिसके चलते मौसम विभाग ने बुधवार को 27 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में सुबह से बादल छाए हुए हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में धूप निकलने से गर्मी का असर बना हुआ है। काशी, प्रयागराज और कानपुर समेत कई शहरों में उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

प्रदेश के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को बांदा 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। इससे एक दिन पहले यहां 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

मंगलवार को प्रदेश के करीब 10 जिलों में बारिश हुई। गोरखपुर, महाराजगंज और झांसी में तेज बारिश दर्ज की गई। महाराजगंज में भारी वर्षा के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण प्रदेश में प्री-मानसून बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि मानसून बिहार सीमा तक पहुंच चुका है और महाराजगंज के आसपास सक्रिय है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 से 25 जून के बीच मानसून सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

अगले पांच दिनों का संभावित मौसम

18 जून: प्रदेशभर में बादलों की आवाजाही रहेगी। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

19 जून: कई जिलों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी और तूफान भी आ सकता है।

20 जून: अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर जोरदार बारिश हो सकती है।

21 जून: मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, लेकिन तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

22 जून: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से न रुकने की सलाह दी है।