Movie prime

भीषण गर्मी से जल्द मिलेगी राहत! यूपी के बिहार बॉर्डर तक पहुंचा मानसून, आज इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार जारी हैं। मंगलवार को प्रदेश के 8 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि सुबह से अधिकांश जिलों में धूप खिली हुई है, लेकिन कई स्थानों पर बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे उमस और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।

सोमवार शाम प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। बदायूं में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि तेज हवा के चलते एक पेड़ ऑटो पर गिर गया। इसके अलावा मथुरा समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हरियाणा के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ी हैं। इसी वजह से कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

20 से 23 जून के बीच यूपी में मानसून की एंट्री संभव

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून बिहार सीमा तक पहुंच चुका है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 से 23 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में मानसून प्रवेश कर सकता है। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश देखने को मिलेगी।

अगले 5 दिनों का मौसम अपडेट

  • 16 जून: प्रदेशभर में बादलों की आवाजाही रहेगी, नमी बढ़ने से उमस महसूस होगी।

  • 17 जून: मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी संभव।

  • 18 जून: बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

  • 19 जून: कई क्षेत्रों में हल्की से भारी बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान की संभावना।

  • 20 जून: मानसून की दस्तक के संकेत, कई जिलों में जोरदार बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।