भीषण गर्मी के बीच UP में राहत के आसार : 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश का आधे से ज्यादा हिस्सा भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जबकि कई जिलों में बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी है। बांदा 47.6°C तापमान के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को यहां 47.4°C तापमान दर्ज किया गया था।
कई जिलों में बदला मौसम
बरेली और बाराबंकी समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह से ठंडी हवाएं चलीं। वहीं कानपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
देर रात झांसी में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। लखनऊ और गाजियाबाद में धूल भरी आंधी चली, जिससे आसमान में धूल का गुबार छा गया।
17 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा 35 जिलों में लू की चेतावनी भी जारी की गई है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में करीब 4°C तक गिरावट आ सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में दोपहर के समय लू चलने और रात में गर्मी बने रहने की संभावना है।
अगले 5 दिन का मौसम अपडेट
- 29 अप्रैल: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।
- 30 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश के आसार, बिजली गिरने की चेतावनी।
- 1 मई: पूर्वी यूपी में तेज और पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश होगी।
- 2 मई: कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है।
- 3 मई: कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना।
