Movie prime

यूपी में फिर बदलेगा मौसम: 3 दिन बाद यूपी में फिर पड़ेगी भीषण गर्मी, आज 17 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को पूर्वांचल के 17 जिलों में बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी यूपी और अन्य कई जिलों में सुबह से मौसम साफ बना हुआ है और तेज धूप निकल रही है। हालांकि ठंडी हवाओं के चलते लोगों को फिलहाल गर्मी से कुछ राहत जरूर मिल रही है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है और शनिवार के बाद इसका असर लगभग खत्म हो जाएगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे तापमान फिर 45 डिग्री के पार पहुंच जाएगा। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल लू से राहत बनी हुई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। आगरा, जालौन, ललितपुर और मऊ में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मऊ जिले में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। वहीं ललितपुर में अचानक बदले मौसम की वजह से कई शादी समारोहों की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। दूसरी ओर लखनऊ, कानपुर, नोएडा और गाजियाबाद समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ रहा।

वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में खराब मौसम के चलते लखनऊ आने-जाने वाली चार फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। वहीं पटना में खराब मौसम के कारण कोलकाता से आई इंडिगो की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। विमान काफी देर तक पटना एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाता रहा, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण उसे आखिरकार लखनऊ में उतारा गया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में 30 अप्रैल से चल रहे बारिश के सिलसिले पर अब ब्रेक लग जाएगा। इससे तापमान बढ़ेगा। गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। हालांकि, लू से राहत बरकरार रहेगी। लगातार बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 9°C तक गिर गया है। 28 अप्रैल को सबसे ज्यादा 47.6°C तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया था, जो 8 मई को गिरकर 39°C तक लुढ़क गया। 2 दिन बाद फिर से नया विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे बारिश का नया दौर शुरू होगा।