Movie prime

शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा: वंदे भारत की चपेट में आईं तीन महिलाएं, एक की मौत, 15 बकरियां भी मरीं

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

शाहजहांपुर: जिले के तिलहर क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। रुद्रपुर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे बकरियां चरा रही तीन महिलाएं तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। हादसे में फिरोजपुर गांव निवासी 55 वर्षीय मुन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में करीब 15 बकरियों के भी ट्रेन की चपेट में आने की बात सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, फिरोजपुर गांव निवासी वेदप्रकाश की पत्नी मुन्नी देवी सोमवार शाम अपनी पड़ोसी गया प्रसाद की पत्नी मुन्नी और भगवान दास की पत्नी रामश्री के साथ बकरियां चराने निकली थीं। तीनों महिलाएं रुद्रपुर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान शाम करीब 4:40 बजे शाहजहांपुर की ओर से बरेली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस वहां से गुजरी।

बताया जा रहा है कि ट्रेन के गुजरने के दौरान तीनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि मुन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मुन्नी और रामश्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे में महिलाएं ही नहीं, उनकी कई बकरियां भी ट्रेन की चपेट में आ गईं। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 15 बकरियों की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर डायल 112 और जीआरपी पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतका के परिजन शव को अपने साथ घर ले गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।