यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बांदा से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच यात्रियों ने खिड़की और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। बस में कुल 40 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हादसा गुरुवार सुबह करीब 5:15 बजे राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 110 के पास हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
टायर फटने से लगी आग की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह टायर फटना बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बस (UP 90 AT 8837) बांदा में राज कल्पना, संस्कार ट्रैवल्स के नाम से रजिस्टर्ड है। बस में 20 पुरुष, 10 महिलाएं और 10 बच्चे सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
सोते समय तेज धमाके से खुली नींद
राया थाना प्रभारी रवि भूषण शर्मा ने बताया कि यात्रियों के अनुसार बस बुधवार शाम 21 जनवरी को बांदा से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बस में दो चालक और एक कंडक्टर मौजूद थे। गुरुवार सुबह जब बस मथुरा के राया क्षेत्र में पहुंची, उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। तभी तेज धमाके की आवाज आई, जिससे यात्रियों की नींद खुल गई। देखा तो बस के अंदर धुआं भर चुका था।
ड्राइवर-कंडक्टर छोड़कर भागे
धुआं निकलता देख चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और कंडक्टर के साथ नीचे उतर गया। पीछे के हिस्से में आग की ऊंची लपटें उठती देख दोनों मौके से भाग गए। यात्रियों के बार-बार आवाज लगाने के बावजूद जब वे वापस नहीं आए, तो एक यात्री ने ड्राइवर सीट का दरवाजा खोलकर नीचे उतरकर स्थिति देखी। तब तक बस धू-धू कर जलने लगी थी।
यात्री ने शोर मचाया, जिसके बाद सभी यात्रियों में भगदड़ मच गई। एक-एक कर सभी लोग बस से कूदकर बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में रखा यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया।
राहगीरों ने दी सूचना, डेढ़ घंटे में बुझी आग
घटना देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
हालिया हादसे की याद ताजा
गौरतलब है कि 16 दिसंबर को भी यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के कारण बड़ा हादसा हुआ था। बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 127 पर 8 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गई थीं, जिसके बाद आग लगने से 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी और करीब 70 लोग घायल हुए थे। उस हादसे में शवों की पहचान डीएनए टेस्ट से कराई गई थी और मजिस्ट्रेट जांच भी कराई गई थी।
फिलहाल मथुरा की इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
