Movie prime

दूध में नींद की गोलियां, कंबल में छोड़ा सांप...पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची थी पति के हत्या की साजिश, 4 गिरफ्तार

 
.....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक निजी स्कूल संचालक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, स्कूल संचालक की पत्नी ने अपने प्रेमी और स्कूल वैन चालक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले पति को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई और उसके बाद जहरीला सांप कंबल में छोड़ दिया गया, जिससे सांप के डसने से उसकी मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

सुबह बिस्तर पर मिला शव, सांप देखकर मची चीख-पुकार

घटना हस्तिनापुर थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) का शव उनके किराए के मकान में बिस्तर पर मिला। पत्नी दामिनी और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी ने पुलिस को बताया कि रात करीब दो बजे वह अपने छह वर्षीय बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब वह वापस कमरे में पहुंची तो अतुल बिस्तर पर चादर ओढ़े पड़े थे। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब उसने चादर हटाई तो वहां सांप देखकर चीख उठी।

परिजनों को पहले से था शक

पोस्टमार्टम और शुरुआती जांच में अतुल के दाहिने पैर पर सांप के काटने के निशान मिले। इसके बाद मृतक के परिजनों ने पत्नी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया और पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

कॉल डिटेल से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले, जिसमें स्कूल के वैन चालक तुषार से पत्नी की लगातार बातचीत सामने आई। संदेह के आधार पर तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस का कहना है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। आरोपियों ने पहले अतुल को बेहोशी की हालत में पहुंचाया और फिर सांप के जरिए हत्या को प्राकृतिक हादसा दिखाने की कोशिश की।

चार साल से चला रहे थे स्कूल

अतुल कुमार बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव के रहने वाले थे। उन्होंने करीब सात साल पहले दामिनी से प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले चार वर्षों से हस्तिनापुर में कृष्ण किड्स प्ले स्कूल संचालित कर रहे थे, जिसमें नर्सरी से कक्षा पांच तक के करीब 150 छात्र पढ़ते हैं। दंपति अपने छह वर्षीय बेटे के साथ किराए के मकान में रहते थे।

चार आरोपी गिरफ्तार

मवाना क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। जांच और कॉल डिटेल के आधार पर वैन चालक तुषार से पूछताछ की गई, जिसने हत्या की साजिश स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने पत्नी दामिनी, वैन चालक तुषार और दो सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।