Movie prime

पत्नी की विदाई से इनकार पर दामाद का खूनी तांडव: पत्नी और सास की गला काटकर हत्या, मासूम समेत दो घायल
 

 
 पत्नी की विदाई से इनकार पर दामाद का खूनी तांडव: पत्नी और सास की गला काटकर हत्या, मासूम समेत दो घायल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बलिया। नगर थाना क्षेत्र के बछईपुर स्थित छोटका पूरा गांव में शनिवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पत्नी की विदाई न होने से नाराज युवक ने ससुराल पहुंचकर आधे घंटे तक खूनी तांडव मचा दिया। आरोपी ने अपनी पत्नी प्रीति (22) और सास सुशीला देवी (45) की धारदार हथियार से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी।

हमले में ढाई साल का मासूम बेटा और ससुर अंतु गोंड (50) भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज वाराणसी में चल रहा है। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दिनेश शुक्ल और सीओ आलोक गुप्ता मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने ससुर की तहरीर पर आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।

पारिवारिक विवाद बना खून-खराबे की वजह

जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर निवासी अमित गोंड की शादी करीब चार वर्ष पहले बछईपुर निवासी प्रीति गोंड से हुई थी। दोनों का एक ढाई साल का बेटा भी है। कुछ समय से पति के उत्पीड़न से परेशान होकर प्रीति मायके में रह रही थी।

नवरात्र के दौरान अमित पत्नी को वापस ले जाने ससुराल आया था, लेकिन प्रीति ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपी ने जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

छत के रास्ते घर में घुसकर वारदात

शनिवार रात गांव में पास ही एक बारात आई थी, जहां नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान देर रात अमित छत के रास्ते घर में घुस गया और छत पर सो रही पत्नी और सास पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

शोर सुनकर नीचे सो रहे ससुर अंतु गोंड ऊपर पहुंचे और दामाद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।