Movie prime

सुल्तानपुर : रक्षाबंधन पर घर लौट रहे यात्रियों की बस हादसे का शिकार, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर; 3 की मौत, 20 घायल

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 96.6 के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। हादसे का शिकार हुई निजी स्लीपर बस गुड़गांव से गोरखपुर होते हुए बिहार जा रही थी। बस में करीब 80 यात्री सवार थे, जो रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे।

यात्रियों के मुताबिक, बस रात करीब 11 बजे गुड़गांव से रवाना हुई थी। सफर के दौरान ड्राइवर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बार-बार बस रोक रहा था। यात्रियों ने कई बार उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। आरोप है कि हादसे से पहले ड्राइवर ने एक्सप्रेसवे के किनारे बस खड़ी की और बाथरूम चला गया। बस का दरवाजा बंद होने के कारण यात्री नीचे नहीं उतर सके।

इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और पीछे की दो सीटें बुरी तरह पिचककर पिछले पहियों तक पहुंच गईं। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPEIDA) के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान श्यामलाल मंडल, गुड़गांव के झगड़ा कॉम्प्लेक्स प्रेमपुरी निवासी विनोद मंडल (50) पुत्र शुसन मंडल और बिहार के कुमारखंड निवासी किरन देवी (60) पत्नी माहेश्वरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।