Movie prime

DM अंकल तक पहुंची मासूम रागिनी की पुकार...मिलने पहुंचे गांव, किताबों के साथ दीं दो ट्राईसाइकिल

 
ययय
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बलिया: पैर की परेशानी के बावजूद पढ़ाई का सपना देख रही सात साल की रागिनी की फरियाद जब जिलाधिकारी तक पहुंची तो प्रशासन ने भी देर नहीं की। डीएम खुद उसके गांव पहुंच गए और बच्ची से मुलाकात कर उसकी पढ़ाई, इलाज और स्कूल आने-जाने में आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। प्रशासन की पहल से अब रागिनी के लिए स्कूल तक पहुंचने की राह आसान होने की उम्मीद जगी है।

रागिनी मनियर ब्लॉक के दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव की रहने वाली है और प्राथमिक विद्यालय दिघेड़ा में कक्षा एक की छात्रा है। शारीरिक परेशानी के बावजूद उसके भीतर पढ़ने और नियमित स्कूल जाने का गजब का जज्बा है। बच्ची की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और खुद उसके परिवार से मिलने गांव पहुंच गए।

मां और दादा से जानी बच्ची की परेशानी

गांव पहुंचकर डीएम ने रागिनी की मां बबीता देवी और उसके दादा से बातचीत की। उन्होंने बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति, पढ़ाई और स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने रागिनी से भी आत्मीयता से बात की और उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा।

बच्ची के पढ़ाई के प्रति उत्साह को देखकर जिलाधिकारी ने उसकी हौसला अफजाई की और उसे आगे भी मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

किताबों के साथ मिलीं दो ट्राईसाइकिल

रागिनी को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने उसे दो ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराईं। इसके अलावा उन्होंने अपने हाथों से बच्ची को किताबें और पढ़ाई की अन्य जरूरी सामग्री भी दी। प्रशासन की इस मदद से रागिनी और उसके परिवार में खुशी का माहौल है।

इलाज का भी मिला भरोसा

डीएम ने बच्ची की मेडिकल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि पैर की समस्या के उचित उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही कहा कि रागिनी की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी और उसे सरकार की पात्र योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।

परिवार के लिए शौचालय की धनराशि मंजूर

डीएम ने रागिनी की मां को बताया कि परिवार में शौचालय निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

गांव की खराब सड़क देखकर नाराज हुए DM

रागिनी से मिलने पहुंचे जिलाधिकारी ने गांव की खराब सड़क की स्थिति भी देखी। सड़क की हालत पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इससे रागिनी के परिवार के साथ-साथ गांव के दूसरे लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

गांव में लगेगा दिव्यांगजनों के लिए कैंप

जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को गांव में विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए। कैंप के जरिए गांव के दिव्यांगजनों को चिह्नित कर उन्हें सरकारी योजनाओं और आर्थिक सहायता का लाभ दिलाया जाएगा।

मदद से मजबूत हुआ रागिनी का हौसला

एक पैर की परेशानी के बावजूद पढ़ाई जारी रखने का रागिनी का हौसला अब प्रशासन की मदद से और मजबूत हुआ है। किताबें, दो ट्राईसाइकिल, इलाज का भरोसा और पढ़ाई जारी रखने का आश्वासन मिलने के बाद बच्ची और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। रागिनी के लिए स्कूल तक पहुंचने की राह आसान होने के साथ उसके बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बढ़ी है।

इस दौरान सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय, बीएसए मनीष कुमार सिंह, डीपीआरओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।