Movie prime

गोमतीनगर एक्सप्रेस में मिला युवती का सिर कटा शव, बैग में हाथ-पैर और बक्से में शरीर, बॉक्स खोलते ही मचा हड़कंप

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बिहार के छपरा से लखनऊ आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ट्रेन की स्लीपर बोगी से एक युवती की सिर कटी लाश बरामद हुई। शव एक बॉक्स में बंद था, जबकि युवती के हाथ-पैर अलग कर पॉलीथीन में पैक किए गए थे। फिलहाल युवती का सिर नहीं मिला है और उसकी पहचान भी नहीं हो सकी है।

मामला ट्रेन संख्या 15114 गोमतीनगर एक्सप्रेस की एस-1 बोगी का है। जानकारी के मुताबिक ट्रेन 16 मई की शाम 5:45 बजे छपरा से रवाना हुई थी और रविवार सुबह करीब 6 बजे गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पहुंचने के बाद जब सफाई कर्मचारी कोच की सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें एक संदिग्ध बॉक्स और बैग दिखाई दिया।

संदेह होने पर इसकी सूचना तुरंत स्टेशन अधीक्षक को दी गई। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। बॉक्स खुलवाने पर अंदर एक युवती का धड़ मिला, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।

जीआरपी चारबाग प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि युवती की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच लग रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती के हाथ-पैर काटकर अलग से पॉलीथीन में पैक किए गए थे। हालांकि अभी तक सिर बरामद नहीं हो सका है।

रंगबिरंगा सूट पहने थी युवती

पुलिस के अनुसार युवती ने रंगबिरंगा सूट पहन रखा था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह किसी ग्रामीण इलाके की रहने वाली हो सकती है। शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। पुलिस को शक है कि शव के टुकड़े करने के लिए कसाईबाड़ों में इस्तेमाल होने वाले भारी चापड़ जैसे हथियार का इस्तेमाल किया गया होगा।

हालांकि शव पर किसी तरह की मारपीट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हत्यारे ने शव को इतनी सफाई से पैक किया था कि बॉक्स के बाहर खून का कोई निशान दिखाई नहीं दिया।

यात्रियों और सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाशेगी पुलिस

युवती की पहचान और आरोपी तक पहुंचने के लिए जीआरपी ने विशेष टीम गठित की है। पुलिस अब ट्रेन के पूरे रूट की जांच करेगी। छपरा से गोमतीनगर तक यह ट्रेन करीब 20 स्टेशनों से गुजरती है और लगभग 12 घंटे का सफर तय करती है।

जांच टीम सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध बॉक्स लेकर कौन यात्री ट्रेन में सवार हुआ था। एस-1 कोच में रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों की सूची भी खंगाली जा रही है और उनसे पूछताछ की तैयारी है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।