Movie prime

योगी सरकार की अभ्युदय योजना से गरीब बच्चों के सपनों को मिली उड़ान, NEET-JEE समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में 138 युवाओं ने मारी बाजी

 
CM Yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में आर्थिक तंगी अब प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों के आड़े नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ऐसे युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है, जो महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते। इस योजना के तहत प्रदेशभर में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराई जा रही है। इसका असर भी अब परिणामों में दिखाई देने लगा है। वर्ष 2024 से 2026 के बीच योजना के शीर्ष 10 कोचिंग केंद्रों से 138 विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।

समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस योजना के तहत प्रदेश में कुल 157 केंद्रों पर विद्यार्थियों को मुफ्त कोचिंग की सुविधा दी जा रही है। यहां विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।

लखनऊ बना सफलता का सबसे बड़ा केंद्र

अभ्युदय योजना के तहत सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या के मामले में लखनऊ सबसे आगे रहा। यहां के केंद्र से 27 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कामयाबी हासिल की।

इसके बाद महोबा के 20, मिर्जापुर के 17 और मऊ, उन्नाव व कन्नौज के 14-14 विद्यार्थी सफल हुए। वहीं, वाराणसी के 13 और बाराबंकी के 11 अभ्यर्थियों ने भी अपनी मेहनत के दम पर सफलता हासिल की। आजमगढ़ और गोरखपुर के चार-चार विद्यार्थियों का भी चयन हुआ है।

NEET में 47 और JEE में 27 विद्यार्थियों को सफलता
योजना के तहत सफल हुए विद्यार्थियों में मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले युवाओं की संख्या भी अच्छी रही। 
आंकड़ों के मुताबिक, 47 विद्यार्थियों ने NEET और 27 ने JEE परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके अलावा 59 अभ्यर्थियों ने अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कामयाबी प्राप्त की। वहीं, सिविल सेवा श्रेणी में भी पांच विद्यार्थियों का चयन हुआ है।

मुफ्त कोचिंग के साथ मिल रहा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत विद्यार्थियों को सिर्फ मुफ्त कक्षाएं ही नहीं, बल्कि बेहतर तैयारी के लिए जरूरी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इसमें विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, नियमित कक्षाएं, अध्ययन सामग्री और मॉक टेस्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इसका सबसे बड़ा फायदा उन विद्यार्थियों को मिल रहा है, जो आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निजी कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस नहीं भर पाते। अब ऐसे युवाओं को भी डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनने की तैयारी का अवसर मिल रहा है।

आर्थिक कमजोरी नहीं बनेगी सफलता में बाधा: असीम अरुण
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली युवा की सफलता के रास्ते में बाधा न बने। सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।

सरकार की इस पहल से प्रदेश के उन युवाओं को नई उम्मीद मिली है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। 138 विद्यार्थियों की सफलता इस बात का संकेत है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत के दम पर आर्थिक चुनौतियों को भी पीछे छोड़ा जा सकता है।