Movie prime

यूपी के बस अड्डों की बदलेगी सूरत, एयरपोर्ट जैसी मिलेंगी सुविधाएं, 11 स्टेशनों पर निर्माण शुरू

 
.…
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले दिनों में प्रदेश के बस अड्डों की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की तर्ज पर बस अड्डों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है। इसके लिए योगी सरकार सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर बस स्टेशनों का निर्माण और आधुनिकीकरण करा रही है। योजना के तहत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ बस अड्डों को भी आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को परिवहन निगम मुख्यालय में इन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

पहले चरण के 11 बस अड्डों पर निर्माण शुरू

योजना के पहले चरण में कुल 23 बस स्टेशनों को विकसित किया जाना है। इनमें से 11 बस अड्डों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। वहीं, नौ बस स्टेशनों के नक्शे संबंधित विकास प्राधिकरणों से स्वीकृत हो गए हैं। इन पर भी जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।

34 परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया तेज

समीक्षा बैठक में परिवहन मंत्री ने बताया कि 34 परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। इनमें से आठ डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी हैं। बाकी डीपीआर तीन दिसंबर तक परिवहन निगम मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में तय मानकों का पालन किया जाए। परियोजनाओं की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए थर्ड पार्टी से भी जांच कराई जाएगी, ताकि निर्माण में किसी तरह की लापरवाही न हो।

दूसरे चरण में 49 बस स्टेशनों का होगा विकास

बस अड्डों के आधुनिकीकरण की योजना के दूसरे चरण में 49 बस स्टेशनों को विकसित किया जाना है। इनमें से पांच बस स्टेशनों के प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा 36 बस स्टेशनों के लिए दोबारा निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।

24 बस स्टेशनों के लिए मिली बिड, तकनीकी जांच जारी

दूसरे चरण की परियोजनाओं के तहत 24 बस स्टेशनों के लिए कंपनियों की ओर से बिड प्राप्त हो चुकी हैं। फिलहाल इनका तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, एक दिसंबर को इन बस स्टेशनों की वित्तीय बिड से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

सरकार की इस पहल का मकसद प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाना और बस यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। परियोजनाएं पूरी होने के बाद यूपी के बस अड्डों पर यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक और आरामदायक माहौल मिलने की उम्मीद है।