Movie prime

‘स्वास्थ्य विभाग ICU में है’...डिप्टी CM पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- अपने विभाग की हालत पर भी सवाल पूछिए

 
Akhilesh
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और बृजेश पाठक को निशाने पर लिया।

"अपने विभाग की हालत पर भी सवाल पूछिए"

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि क्या मंत्री जी ने कभी अपने विभाग की बदहाल स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाया है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्वयं आईसीयू में है, लेकिन मंत्री जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगे हैं।

उन्होंने लिखा कि इस प्रकार की दायित्वहीनता जनहित के प्रति उनकी उदासीनता, अक्षमता और लापरवाही को दर्शाती है।

बृजेश पाठक के बयान पर दिया जवाब

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का बयान दिखाया गया है। बृजेश पाठक ने सवाल उठाया था कि क्या अखिलेश यादव ने कभी बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर कोई सवाल पूछा है? उन्होंने इसे सनातन संस्कृति के प्रति सपा प्रमुख की मानसिकता से जोड़कर देखा था।

इसी बयान के जवाब में अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य विभाग के मुद्दे को उठाते हुए पलटवार किया।

राम मंदिर को लेकर शुरू हुआ था विवाद

दरअसल, हाल ही में अयोध्या स्थित राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर अखिलेश यादव ने सवाल खड़े किए थे। उनके बयान के बाद राजनीतिक और धार्मिक हलकों में विवाद शुरू हो गया था।

राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया। ट्रस्ट के महासचिव ने किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी से इनकार किया था। वहीं अयोध्या के कई संतों और साधु-संतों ने भी अखिलेश यादव के बयान की आलोचना की थी।

बीजेपी नेताओं ने भी किया था पलटवार

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि अखिलेश यादव कभी राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं गए, लेकिन मंदिर पर निराधार आरोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी सपा प्रमुख पर निशाना साधा था।

अब अखिलेश यादव के ताजा बयान के बाद एक बार फिर दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए यह सियासी टकराव आने वाले दिनों में और भी तीखा होने के संकेत दे रहा है।