रामलला के दर्शन से जनकपुरधाम तक का सफर होगा आसान, भारत-नेपाल के बीच चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच अब रेल यात्रा का एक नया विकल्प मिलने जा रहा है। भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू की जा रही है। इस ट्रेन के चलने से रामलला के दर्शन करने अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुरधाम पहुंचना आसान होगा। वहीं, नेपाल से भारत आने वाले यात्रियों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस ट्रेन सेवा का शुभारंभ करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
सरयू और कमला नदी के नाम पर रखा गया ट्रेन का नाम
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार के मुताबिक, शुरुआत में इस ट्रेन को विशेष सेवा के रूप में चलाया जाएगा। इसके बाद नियमित साप्ताहिक परिचालन शुरू होगा। नियमित सेवा के लिए ट्रेन का नंबर 15595/15596 निर्धारित किया गया है।
इस ट्रेन का नाम सरयू-कमला एक्सप्रेस रखा गया है। अयोध्या की पहचान सरयू नदी से जुड़ी है, जबकि जनकपुरधाम कमला नदी के किनारे बसा है। दोनों धार्मिक शहरों की पहचान और सांस्कृतिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए ट्रेन का नाम इन नदियों पर रखा गया है।
अयोध्या से सोमवार और जनकपुरधाम से शनिवार को होगा संचालन
नियमित सेवा शुरू होने के बाद सरयू-कमला एक्सप्रेस जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी, जबकि अयोध्याधाम से इसकी वापसी यात्रा सोमवार को होगी। इस ट्रेन के जरिए दोनों देशों के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जानिए सरयू-कमला एक्सप्रेस का पूरा टाइम टेबल
शुरुआत में विशेष ट्रेन के तौर पर इसका संचालन किया जाएगा। ट्रेन का शेड्यूल इस प्रकार है:
अयोध्याधाम से जनकपुरधाम (विशेष ट्रेन संख्या 04295)
स्टेशन पहुंचने का समय प्रस्थान का समय
अयोध्याधाम — दोपहर 12:30 बजे
बस्ती दोपहर 3:05 बजे —
गोरखपुर शाम 5:40 बजे —
नरकटियागंज रात 9:30 बजे —
रक्सौल रात 11:15 बजे —
जनकपुरधाम अगले दिन सुबह 10:00 बजे —
जनकपुरधाम से अयोध्याधाम (विशेष ट्रेन संख्या 04296)
स्टेशन पहुंचने का समय प्रस्थान का समय
जनकपुरधाम — दोपहर 1:00 बजे
गोरखपुर अगले दिन सुबह 4:05 बजे —
बस्ती सुबह 5:00 बजे —
मनकापुर सुबह 5:55 बजे —
अयोध्याधाम सुबह 8:10 बजे —
बालेंद्र शाह की पहली राजकीय भारत यात्रा पर भी नजर
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अपनी पहली राजकीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। बैठक में दोनों देशों के बीच पनबिजली, ईंधन, रेल संपर्क और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
इस वार्ता के बाद विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को लेकर अहम घोषणाएं भी हो सकती हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत को भारत और नेपाल के बीच बेहतर संपर्क, धार्मिक पर्यटन और मजबूत सांस्कृतिक रिश्तों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
