Movie prime

पिता ने बच्चों के साथ बनाई आखिरी वीडियो... खाया जहर, पत्नी, सास और साली पर लगाए संगीन आरोप
 

 
पिता ने बच्चों के साथ बनाई आखिरी वीडियो... खाया जहर, पत्नी, सास और साली पर लगाए संगीन आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान घाट निवासी वासु सेठ उर्फ रमन ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले बनाया गया उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी, सास और साली पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार वासु सेठ, महेश सेठ के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे उन्होंने अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक द्वारा आत्महत्या से पहले बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने अपनी पत्नी, सास और साली पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों के अनुसार वासु सेठ की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व भदोही जिले के नवघन ऊंज थाना क्षेत्र की निवासी युवती से हुई थी। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद बच्चों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।