Movie prime

उन्नाव में साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल पुलिस एनकाउंटर में ढेर, एक लाख का था इनामी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उन्नाव के चर्चित साधु राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले का मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश इसराइल सोमवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घेराबंदी के दौरान फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह ढेर हो गया।

पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि 9 जून को इसराइल ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर साधु राममिलन दास की हत्या की थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। दो दिन पहले ही उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

ताजपुर अंडरपास के पास हुई मुठभेड़

एसपी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 3:40 बजे सूचना मिली कि इनामी बदमाश इसराइल ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है और किसी साथी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ के दौरान एसओजी के सिपाही विकास भदौरिया गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दरोगा न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में इसराइल को गोली लगी। घायल अवस्था में उसे बांगरमऊ सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि यही चाकू साधु राममिलन दास की हत्या में इस्तेमाल किया गया था।

लाउडस्पीकर विवाद में हुई थी हत्या

मृतक साधु के भाई ने आरोप लगाया था कि बाबा राममिलन शिव मंदिर में लाउडस्पीकर पर भजन चलाते थे, जिससे कुछ लोग नाराज थे। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी थी।

20 वर्षों से बांगरमऊ में रह रहा था आरोपी

इसराइल मूल रूप से बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ततियापुर गांव का निवासी था। वह पिछले करीब 20 वर्षों से पुरबिया टोला मोहल्ले में रहकर मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी सईदा, तीन बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद से उसके घर पर ताला लगा हुआ है।

गौरतलब है कि रविवार को उन्नाव सांसद Sakshi Maharaj ने भी कहा था कि यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करेगा तो उसका एनकाउंटर होना तय है। इसके अगले ही दिन पुलिस मुठभेड़ में इसराइल मारा गया।