Movie prime

मथुरा में गुरुकुल की टंकी बनी मौत का कुआं! सफाई के दौरान जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत, CM योगी ने लिया संज्ञान

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now


मथुरा-वृंदावन के चैतन्य विहार इलाके में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुल विद्यालय में पानी की अंडरग्राउंड टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुकुल परिसर में करीब 12 से 14 फीट गहरी अंडरग्राउंड पानी की टंकी बनी हुई है। पिछले कुछ दिनों से टंकी से लगातार दुर्गंध आ रही थी। मंगलवार रात करीब 10 बजे एक छात्र बदबू दूर करने के लिए टंकी के अंदर सफाई करने उतरा। अंदर जहरीली गैस बनी होने के कारण वह अचानक बेहोश हो गया।

साथी छात्र को बचाने के लिए उसके चार दोस्त भी एक-एक कर टंकी में उतर गए। लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पांचों छात्र बेहोश होकर टंकी में गिर गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी छात्रों को टंकी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने मनु कटारे, विशु, देवांश और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वहीं 15 वर्षीय रुद्र का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

करीब तीन साल से संचालित हो रहा था गुरुकुल

बताया जा रहा है कि महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुल विद्यालय पिछले करीब तीन वर्षों से संचालित हो रहा था। इसका संचालन मध्य प्रदेश निवासी आशीष कुमार शर्मा द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। तीन मंजिला भवन में चल रहे इस गुरुकुल में करीब 200 छात्रों के पंजीकरण की बात कही जा रही है, जबकि करीब 100 छात्र परिसर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।

गुरुकुल के एक छात्र के मुताबिक, टंकी से लगातार दुर्गंध आ रही थी। इसी वजह से उसकी सफाई कराने का फैसला लिया गया था। इसी दौरान एक छात्र टंकी में उतरा और उसके बाद एक-एक कर चार अन्य छात्र भी उसे बचाने के लिए अंदर चले गए।

 डीएम ने कहा- बंद टंकी में बनी थी जहरीली गैस

मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि करीब 12 फीट गहरी पानी की टंकी लंबे समय से बंद थी और उसमें पानी भी मौजूद था। बंद जगह में गैस बनने के कारण टंकी में उतरे छात्र बेहोश हो गए।

डीएम ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की बात कही है। जांच में गुरुकुल की मान्यता, संचालन व्यवस्था, छात्रों से टंकी की सफाई क्यों कराई गई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, जैसे सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान, गुरुकुलों की होगी जांच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मथुरा की घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायल छात्र को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हादसे के बाद प्रशासन ने जिले में संचालित गुरुकुलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

चार छात्रों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पूरे चैतन्य विहार इलाके में शोक का माहौल है।