UP आवास विकास परिषद का 4173 करोड़ का बजट पास, वाराणसी GT रोड बाईपास को मिली मंजूरी
उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की 275वीं बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4173.66 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। इस बजट में नई आवासीय योजनाओं, भूमि खरीद और अवस्थापना विकास पर विशेष जोर दिया गया है। बैठक में खास तौर पर अयोध्या और वाराणसी की परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई।
जमीन खरीद पर सबसे ज्यादा खर्च
परिषद ने नए वित्तीय वर्ष में 4173.65 करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया है। इसमें- 2004.66 करोड़ रुपये संपत्तियों की बिक्री से 682.06 करोड़ रुपये डिपॉजिट कार्यों से मिलने की उम्मीद है। वहीं कुल 4048.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिनमें, 1927.15 करोड़ रुपये भूमि अर्जन पर 750.27 करोड़ रुपये डिपॉजिट कार्यों पर 702.62 करोड़ रुपये निर्माण और विकास कार्यों पर खर्च होंगे।
अयोध्या परियोजनाओं के लिए 1037 करोड़
अयोध्या की परियोजनाओं के लिए बजट में 1037.89 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। परिषद ने इसे आने वाले वर्षों की प्रमुख विकास परियोजनाओं में शामिल किया है।
वाराणसी की GT रोड बाईपास योजना को मंजूरी
बोर्ड बैठक में वाराणसी की GT रोड बाईपास योजना को हरी झंडी दी गई। इसके तहत 4.6870 हेक्टेयर जमीन अर्जित की जाएगी, जिसका उपयोग अप्रोच रोड निर्माण में होगा।
काशीद्वार योजना में 3141 करोड़ से जमीन खरीद
वाराणसी की काशीद्वार भूमि विकास एवं गृहस्थान योजना के तहत 10 गांवों की जमीन खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। इन गांवों में पिंडरा, पिंडराई, समोगरा, बहुतरा, कैथोली, पुरारघुनाथपुर, बसनी, चकइंदर, जदूपुर और बेलवा शामिल हैं। परिषद के अनुसार योजना का कुल क्षेत्रफल 374 हेक्टेयर होगा।
पहले चरण में 270 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
जमीन खरीद पर करीब 3141 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मऊ में भी बनेगी नई योजना
मऊ की गोरखपुर मार्ग भूमि विकास योजना के लिए पांच गांवों की जमीन खरीद को मंजूरी दी गई है। इस पर करीब 1391 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
महंगे फ्लैट सस्ते करने की तैयारी
परिषद ने बताया कि छूट देने के बावजूद करीब 2000 फ्लैट नहीं बिक पाए हैं। अब इन फ्लैट्स की कीमत कम करने का प्रस्ताव अगली बोर्ड बैठक में लाया जाएगा। हालांकि दूसरी ओर विकसित हो रही कॉलोनियों में जमीन के दाम बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है। लखनऊ की वृंदावन और अवध विहार योजना में डीएम सर्किल रेट के बराबर कीमत तय की जाएगी।
दो रिटायर्ड इंजीनियरों पर कार्रवाई
बैठक में दो रिटायर्ड अभियंताओं पर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई की गई। रिटायर्ड अधिशासी अभियंता गौतम कुमार की पेंशन से आजीवन 10% कटौती का फैसला लिया गया। रिटायर्ड अधीक्षण अभियंता डीएस गुप्ता की पेंशन से 5% कटौती की जाएगी।
गाजियाबाद में बनेगा 51 करोड़ का ओवरब्रिज
गाजियाबाद में हिंडन नदी पर 51 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज बनाया जाएगा। यह वसुंधरा और सिद्धार्थ विहार योजना को जोड़ेगा। इसके अलावा परिषद ने मेट्रो परियोजना के लिए 20 करोड़ रुपये देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
