Movie prime

UP में मौसम ने ली करवट! वाराणसी, चंदौली समेत 47 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का खतरा भी बना रहेगा।

50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

आईएमडी के मुताबिक, 7 और 8 अक्टूबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार *40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे* तक पहुंच सकती है।

बारिश और बादलों के असर से तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन के तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की जा सकती है। ऐसे में प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के साथ मौसम का मिजाज कुछ ठंडा हो सकता है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, ज्योतिबाफुले नगर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी और चित्रकूट शामिल हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर आकाशीय बिजली की आशंका के बीच खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।