Movie prime

UP में आज से बदलेगा मौसम, कई जिलो में आंधी-बारिश का अलर्ट, 80 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

 
UP Weather Update
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आज से मौसम बदलने का अनुमान जताया है। आने वाले दिनों में कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। दिन के समय कई जगहों पर लू का असर बना रह सकता है, लेकिन शाम होते-होते मौसम बदलने लगेगा। इस दौरान मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

80 किलोमीटर प्रति घंटा तक चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी के दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कई जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

दरअसल, प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसकी वजह से अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 1 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

नोएडा-गाजियाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

आज नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ, बागपत, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी और औरैया में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं आगरा में दिन के समय हीटवेव का असर रहेगा, लेकिन शाम तक मौसम बदल सकता है और आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। जालौन, झांसी, महोबा और हमीरपुर में भी दिन में लू और शाम को तूफान व ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

लखनऊ में शाम से बदलेगा मौसम

राजधानी Lucknow में दिनभर तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान कर सकती है। हालांकि शाम होते-होते आसमान में बादल छाने लगेंगे और रात तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा सीतापुर, गोरखपुर, अयोध्या, मऊ और बलिया में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भी चेतावनी

रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बहराइच, कन्नौज, कानपुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया और बस्ती समेत कई जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक बारिश और तेज हवाओं की वजह से प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को लंबे समय बाद गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।