Movie prime

बलरामपुर में दुर्गा मंदिर के सामने बेकाबू कार ने ग्रामीणों को रौंदा, तीन की मौत; चार घायल

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बलरामपुर। देहात क्षेत्र के चरनगहिया-बेलहा गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्गा मंदिर के सामने सड़क किनारे बैठे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात दुर्गा मंदिर में आरती समाप्त होने के बाद कुछ ग्रामीण मंदिर के बाहर सड़क किनारे टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इस दौरान वहां कई लोग मौजूद थे। तभी गौरा चौराहे की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगे टेंट का कुछ हिस्सा तोड़ते हुए वहां बैठे लोगों पर चढ़ गई। अचानक हुए इस हादसे में ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे में चरनगहिया-बेलहा गांव निवासी पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पाटेश्वरी प्रसाद, मणिराम के पुत्र थे, जबकि मनोज सिंह उदयभान सिंह और गणेश पांडेय राममिलन के पुत्र थे।

हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार

कार की चपेट में आने से कुल सात लोग घायल हुए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य घायलों का जिला मेमोरियल अस्पताल में इलाज जारी है।

तीन मौतों से गांव में मातम

रात के समय हुए इस हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के घर पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। जिन लोगों के साथ ग्रामीण कुछ देर पहले मंदिर के बाहर बैठकर वीडियो देख रहे थे, उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भी दुख और चिंता का माहौल बना हुआ है।