लखनऊ में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर ने बाइक को 2 किलोमीटर तक घसीटा, दो साढ़ुओं की मौत
लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो साढ़ुओं की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई।
घटना किसान पथ पर दरोगा खेड़ा और गहरू अंडरपास के बीच दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। मृतकों की पहचान मोहनलालगंज के हरिकंश गढ़ी निवासी रामसेवक यादव (50) और सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के नकरहा गांव निवासी उनके साढ़ू रामू यादव (45) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, रामू यादव अपने साढ़ू रामसेवक के गांव नकरहा गए थे। वहां से दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर हरिकंश गढ़ी लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रामू बाइक चला रहे थे, जबकि रामसेवक पीछे बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे, जबकि बाइक डंपर के नीचे फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीछा कर पकड़ा गया डंपर चालक
हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर अंडरपास के पास डंपर को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
मृतक रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि रामसेवक यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रामसेवक यादव अपने पीछे पत्नी मुन्नी देवी, बेटा रिंकू यादव और तीन विवाहित बेटियां सुदामा, रेखा और बबली को छोड़ गए हैं। वहीं रामू यादव के परिवार में पत्नी अंजू, बेटा निखिल और बेटी शगुन हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
सरोजनीनगर के कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक हरद्वारी लाल ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। मृतकों के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
