मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा: खड़ी स्लीपर बस को कंटेनर ने मारी टक्कर, 6 यात्रियों की मौत
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्लीपर बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचल दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल है। घटना सुबह करीब 2:45 बजे सुरीर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन-88 के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने बाथरूम जाने के लिए ड्राइवर से बस रोकने को कहा। चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस रोकने के बजाय एक्सप्रेस-वे पर ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान कुछ यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए।
तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर सड़क पर खड़े यात्रियों को रौंद दिया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए गए हैं।
