Movie prime

लखनऊ में नाली सफाई को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़े, युवक की मौत, महिला समेत 5 घायल

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के टिकनियामऊ गांव में नाले की सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय आजाद की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी समेत दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईंगंज और ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

घटना के बाद गांव और अस्पताल में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

नाले की सफाई को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे गांव में नाले की सफाई को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान आजाद, उनकी पत्नी अंजू, भाई रोहित और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की पत्नी अंजू ने पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम प्रधान के पति मोहम्मद हसीब समेत कई लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नाले की सफाई की शिकायत से नाराज होकर आरोपी लोहे की रॉड, धारदार हथियार और लाठी-डंडों के साथ उनके घर पहुंचे और परिवार पर हमला कर दिया।

अंजू का आरोप है कि हमलावरों ने उनके पति की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पर उन्हें, उनके बेटे और देवर पर भी हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।


पहले भी की गई थी शिकायत

मृतक के भाई रंजीत का कहना है कि नाले की सफाई को लेकर शुक्रवार शाम ही थाने में शिकायत दी गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद उन्हें धमकी मिली और कुछ घंटों बाद हमला कर दिया गया।


चार आरोपी हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों सुमित, अभिषेक, राम सुचित और अमित को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।


डीसीपी साउथ ने क्या कहा?

डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि नाले के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।