Movie prime

यूपी के शाहजहांपुर में मंदिर में सो रहे दो साधुओं की हत्या कर जला दिए शव, आरोपी फरार

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

शाहजहांपुर। खुदागंज के सूथा गांव स्थित मंदिर परिसर में दो सेवादारों की हत्या से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद दोनों के शवों को जला दिया गया। गुरुवार सुबह ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

शहर के अजीजगंज मोहल्ला निवासी गोपाल दास कई वर्षों से सूथा गांव स्थित मंदिर परिसर में सेवादार के रूप में रह रहे थे। वहीं गांव के ही दूसरे मंदिर में रहने वाले बाबा बिहारी दास भी करीब एक महीने से गोपाल दास के साथ ही रहने लगे थे।

मंदिर पर रहने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, गांव के ही सुमित सिंह का दोनों सेवादारों के पास आना-जाना था। बताया जा रहा है कि सुमित करीब एक महीने पहले ही जेल से बाहर आया था और वह मंदिर परिसर में ही रहना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों सेवादारों के साथ उसका कई बार विवाद भी हुआ था।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार रात भी मंदिर परिसर में रहने और कब्जे को लेकर सुमित की दोनों सेवादारों से कहासुनी हुई थी। इसके बाद देर रात दोनों की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद उनके शवों को जलाने की भी बात सामने आई है।

घटना के बाद से सुमित फरार

वारदात के बाद से सुमित सिंह फरार बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उसका उठना-बैठना कम था और उसके व्यवहार को लेकर लोग उससे दूरी बनाकर रखते थे। परिजनों द्वारा उसकी जमानत कराए जाने के समय भी ग्रामीणों की ओर से विरोध किए जाने की बात सामने आई है।

एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि शुरुआती जांच में गांव के ही सुमित सिंह का नाम सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

दो सेवादारों की हत्या से गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।