UP दिवस-2026: अंतरिक्ष से शिक्षा तक, इन पांच विभूतियों को मिलेगा ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’
लखनऊ। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर प्रदेश सरकार शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे विविध क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाली पांच विभूतियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ से सम्मानित करेगी। तीन दिवसीय मुख्य समारोह का आयोजन राजधानी लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
सरकार के अनुसार, यह सम्मान उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस वर्ष जिन विभूतियों का चयन हुआ है, वे अपनी-अपनी उपलब्धियों से प्रदेश की प्रतिभा और क्षमता का प्रतीक बने हैं।
अंतरिक्ष विज्ञान में इतिहास रचने वाले शुभांशु शुक्ला
लखनऊ निवासी भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष विज्ञान में ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा। 26 जून 2025 को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के ड्रैगन यान द्वारा प्रक्षेपण के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचकर इतिहास रचा। वे आईएसएस पर कदम रखने वाले पहले भारतीय बने। राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले वे दूसरे भारतीय हैं।
शिक्षा में बदलाव की मिसाल बने अलख पांडेय
प्रयागराज निवासी अलख पांडेय को शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी योगदान के लिए यूपी गौरव सम्मान दिया जाएगा। वर्ष 2016 में ‘फिजिक्स वाला’ यूट्यूब चैनल से शुरुआत कर 2020 में ऐप लॉन्च करने वाले अलख पांडेय ने किफायती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लाखों छात्रों तक पहुंचाया। 2022 में उनकी कंपनी भारत की छठी एडटेक यूनिकॉर्न बनी। आज यह प्लेटफॉर्म करोड़ों विद्यार्थियों की तैयारी का भरोसेमंद साधन है।
साहित्य और शिक्षा में समर्पण: डॉ. हरिओम पंवार
बुलंदशहर जनपद के बुटना गांव में जन्मे डॉ. हरिओम पंवार को साहित्य और शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। मेरठ महाविद्यालय में विधि के प्रोफेसर रहे डॉ. पंवार की कविताएं सामाजिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों को आवाज देती हैं। उनकी रचनाओं से होने वाली आय का उपयोग गरीब बच्चों की शिक्षा और वंचित वर्ग के कल्याण में किया जाता है।
महिला सशक्तिकरण की मजबूत मिसाल: रश्मि आर्य
मेरठ के नारंगपुर में श्रीमद् दयानंद आर्य कन्या गुरुकुल की स्थापना करने वाली रश्मि आर्य को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान मिलेगा। उनका गुरुकुल वैदिक संस्कृति और आधुनिक शिक्षा का समन्वय प्रस्तुत करता है। यहां पढ़ने वाली छात्राओं ने शैक्षणिक, योग, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्तमान में 600 से अधिक जरूरतमंद बच्चियों को यहां निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है।
कृषि विज्ञान में वैश्विक पहचान: डॉ. सुधांशु सिंह
वाराणसी निवासी डॉ. सुधांशु सिंह को कृषि विज्ञान में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए यूपी गौरव सम्मान दिया जाएगा। फ्लड-टॉलरेंट सब-1 चावल पर उनके शोध को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से स्वर्ण पदकधारी डॉ. सिंह फिलीपींस के आईआरआरआई से पीएचडी कर चुके हैं और वर्तमान में आईएसएआरसी, वाराणसी के निदेशक हैं। उन्होंने 29 वर्षों के अनुभव में सस्टेनेबल एग्रीकल्चर को नई दिशा दी है।
प्रेरणा का प्रतीक बना यूपी गौरव सम्मान
संस्कृति विभाग द्वारा दिया जाने वाला उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान उन व्यक्तित्वों को समर्पित है जिन्होंने कला, विज्ञान, शिक्षा, साहित्य, कृषि, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। यूपी दिवस-2026 पर सम्मानित होने वाली ये पांचों विभूतियां प्रदेश की प्रतिभा का जीवंत उदाहरण हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत भी।
